काबड़ौत में चार लेन का निर्माण कार्य प्रारंभ
शामली। उत्तर प्रदेश सेतु निगम की टीम ने मेरठ-करनाल मार्ग पर कृष्णा नदी पर चार लेन व सल्फा गांव में सेतु का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। सेतु निगम की टीम ने चार लेन के पुल के लिए उत्तर दिशा में अस्थायी रूप से सड़क व कुएं निर्माण के लिए मिट्टी की खुदाई शुरू कर दी है।
मेरठ -करनाल मार्ग फोरलेन निर्माण के दौरान कृष्णा नदी पर चार लेन के पुलों के निर्माण की स्वीकृति शासन से नही मिल पाई थी। आए दिन मेरठ- करनाल मार्ग पर कृष्णा नदी का पुल संकरा होने के बाद हादसे हो रहे थे। लोकनिर्माण विभाग ने काबड़ौत गांव में कृष्णा नदी पर चार लेन व सल्फा गांव में नए सेतु का स्टीमेट बनाकर सेतु निगम के माध्यम से नाबार्ड को धनराशि स्वीकृति भेजा था। नाबार्ड से कृष्णा नदी पर काबड़ौत व सल्फा में नए पुल के लिए एक माह पूर्व धनराशि स्वीकृत हो गई थी। शासन ने 30 मार्च को शामली जिले के कृष्णा नदी पर काबड़ौत में चार लेन - सल्फा में दो लेन के पुल का गजट जारी कर दिया था। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सात अप्रैल को शामली आगमन पर मेरठ- करनाल मार्ग पर कृष्णा नदी पर काबड़ौत व सल्फा पुल का शिलान्यास किया था। उत्तर प्रदेश सेतु निगम की टीम ने चार दिन पूर्व शामली के कृष्णा नदी पर काबड़ौत में डेरा डाल दिया था। पुलों के निर्माण के लिए मजदूरों के आवास के लिए अस्थायी व्यवस्था की है। सेतु निगम की टीम ने पुल के निर्माण के लिए कुआं खुदाई का काम शुरू कर दिया है। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक जेपी राणा ने बताया कि मेेरठ-करनाल मार्ग पर कृष्णा नदी पर काबड़ौत में चार लेन व सल्फा में दो लेन के पुलों के निर्माण के लिए निर्माण एजेेंसी के मजदूूर पहुंच गए हैं। निर्माण एजेंसी के मजदूरों ने टीन शेड डालकर रहने की व्यवस्था की है। पुलों के कुंआ खुदाई का निर्माण शुरू कर दिया है। मेरठ-करनाल मार्ग की सड़क के बराबर में अस्थायी रूप से मजदूरों के लिए आने जाने के लिए मिट्टी खुदाई करके रास्ता बनाया है। उन्होंने बताया कि मेरठ करनाल मार्ग पर काबड़ौत में चार लेन का पुल डेढ़ साल व सल्फा गांव का पुल एक साल में बनकर तैयार होगा। कृष्णा नदी पर काबड़ौत में पुल उत्तर दिशा में बनाया जा रहा है।