शामली। काबड़ौत पुल पर होने वाले हादसों और लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए एसपी ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके लिए उन्होंने पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
काबड़ौत पुल ब्लैक स्पॉट के नाम से जाना जाता है। सप्ताह में कोई ना कोई हादसा होता रहता है। मेरठ-करनाल फोर लेन हाइवे पर यह पुल महज एक लेन है। जिस कारण एक बार में सिर्फ वाहनों की एक ही लेन चल सकती है। इसी कारण यहां पर हादसे होते रहते हैं और जाम लगना तो यहां रोजाना का शगल बन चुका है। एसपी देवरंजन वर्मा ने आते ही इस मामले में संज्ञान लिया और रविवार को काबड़ौत पुल का निरीक्षण किया था। जिसके बाद उन्होंने यातायात पुलिस को जाम से निपटारे तथा हादसे से बचने के लिए प्लान तैयार के निर्देश दिए। एसपी के आदेश पर सोमवार को टीएसआई भंवर सिंह ने वहां बैरियर लगवा दिए। ताकि एक बार में एक ही साइड से वाहन पुल को क्रास कर सके और दूसरी ओर से साइड को रोका जा सके। इसके अलावा रात में वाहन चालकों को बैरियर दिखाई दें, इसके लिए रिफ्लेक्टर भी लगवाए गए हैं। ताकि हादसा नहीं हो। एसपी ने निर्देश दिए कि काबड़ौत पुल पर 24 घंटे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगे ताकि वह यातायात को कंट्रोल कर सके। उनके आदेश पर काबड़ौत पुल पर दिन में यातायात पुलिस के दो सिपाही तथा रात में कोतवाली पुलिस के दो सिपाहियों की ड्यूटी सुनिश्चित कर दी गई।