शामली। डीएम ने मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर सीसीटीवी, कॉपियों का रखरखाव एवं डाटा चेक किया। वहीं परीक्षकों से बात करते हुए उनका ज्ञान परखा। साथ ही कॉपियों पर दिए गए अंकों को भी परखा। उन्होंने केंद्र उपनियंत्रक को समय रहते हुए मूल्यांकन कार्य पूरा कराने के भी निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने आरके इंटर कॉलेज के मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर पहले सीसीटीवी चेक किए। इसके बाद 22 कमरों में चल रहे मूल्यांकन कार्य का मूल्यांकन कार्य परखा। परीक्षकों से उनकी योग्यता और उनके विषयों के बारे में जानकारी ली। कई कॉपियों को लेकर उन पर दिए गए अंकों को चेक किया। सभी परीक्षकों को न्यायपूर्ण और सावधानी पूर्वक मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। कोठारों में रखी कॉपियों के रखरखाव को देखते हुए पूरे रिकार्ड के बारे में जानकारी ली। उप केंद्र नियंत्रक से समय के अनुसार ही सभी कापियों का मूल्यांकन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मूल्यांकन केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं ठीक मिली।
केंद्र पर खुली कैंटीन पर रखी खाने की सामग्री को परखा
मूल्यांकन केंद्र पर परीक्षकों के लिए चाय और अन्य खाने की वस्तुओं के लिए कैंटीन खोली गई है। डीएम ने कैंटीन का निरीक्षण करते हुए खाने की रखी हुई वस्तुओं को चेक किया। वहीं दुकानदार को चाय बनाता देख उसे दूसरे तरीके से चाय बनाना सिखाया और खुद बनाई गई चाय को उपनियंत्रक एवं केंद्र व्यवस्थापक और अन्य शिक्षकों को पिलाई। इसके बाद चाय विक्रेता को चाय के पैसे देते हुए चल दिए।
हिंदी और अंग्रेजी का चल रहा मूल्यांकन कार्य ढीला
मूल्यांकन केंद्र पर बृहस्पतिवार को हाईस्कूल और इंटर की 28 हजार कॉपियों का मूल्यांकन हुआ। इसमें हाईस्कूल की 21 हजार एवं इंटर की 7 हजार कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। उप नियंत्रक लोकेंद्र कुमार ने बताया कि हर दिन परीक्षकों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसमें बृहस्पतिवार को 482 परीक्षकों में से 433 परीक्षक उपस्थित रहें। केवल 49 परीक्षक ही अनुपस्थित रहें। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की हिंदी और अंग्रेजी विषय की कॉपियों का वित्तविहीन शिक्षकों के बहिष्कार के कारण मूल्यांकन कार्य धीमा चल रहा है। जल्द ही अन्य स्कूलों से परीक्षक लगाकर मूल्यांकन कार्य में तेजी लाई जाएगी। इससे 15 दिन के अंदर ही मूल्यांकन कार्य पूरा किया जा सकें।