शहरी स्वास्थ्य मिशन के कार्यालय में गंदगी का अंबार मिला
शामली। शहर के रेलपार में स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यालय का निरीक्षण के दौरान ताला लटका मिला। कोआर्डिनेटर को बुलवाकर ताला खुलवाया गया तो गंदगी का अंबार मिला। कार्यालय में एक्सपायरी दवाईयां भी मिली, जिस पर अधिकारी नाराज हो गए। मामले में अधिकारियों ने निरीक्षण आख्या बनाकर सीएमओ को सौंप दी है।
मंगलवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर सुशील कुमार, एनयूएचएम के नोडल डॉक्टर डीबी सिंह, डीपीएम आशुतोष दोपहर एक बजे राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के रेलपार स्थित कार्यालय में पहुंचे। कार्यालय पर ताला लटका मिला। अधिकारियों ने डिस्ट्रिक हेल्थ कोआर्डिनेटर रामनरेस आजाद को मौके पर बुलवाकर ताला खुलवाया तो वहां गंदगी मिली। अधिकारियों ने उपस्थिति पंजिका मांगी तो भी वहां नहीं मिली। डॉक्टर सुशील ने डिस्ट्रिक हेल्थ कोआर्डिनेटर से वहां पिछले दो सालों में हुई आशाओं और एएनएम की बैठकों का रजिस्टर मांगा तो वह भी नहीं मिला। वहां कमरों का ताला खुलवाया गया तो वहां पर कुछ दवाईयां मिली, जिनमें से एक दवाई एक्सपायर मिली। इस पर अधिकारियों ने जवाब तलब किया है। मामले में जांच टीम द्वारा निरीक्षण आख्या बनाकर सीएमओ डॉक्टर राजकुमार को सौंपी है।
ये काम होता है कार्यालय पर
एनयूएचम का यह ऑफिस ब्लॉक लेविल का होता है। यहां पर ब्लॉक में होने वाले स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए प्लान तैयार किया जाता है। इसके लिए समय-समय पर बैठक करने का भी प्रावधान है, लेकिन कार्यालय की हालत ऐसी नहीं मिली, जिससे यह कहा जा सके कि वहां पर कोई बैठक दो सालों में हुई है।
मामला संज्ञान में आया है, गंभीरता से लेकर इसमें कार्रवाई की जाएगी
सीएमओ डाक्टर राजकुमार