गन्ने से लदे ट्रक पलटने की लगातार घटनाएं हो रही है। मगर, पुलिस-प्रशासन इसकी सुध नहीं ले रहा है। कैराना के बीच से गुजर रहे गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रक हादसे को दावत दे रहे है।
तीन दिन पूर्व शामली में झिंझाना रोड पर गन्ने से लदा ओवरलोड़ ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़ी एक कार पर पलट गया था। इसमें कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि चालक बाल-बाल बच गया था। इस तरह पूर्व में भी कई हादसे हो चुके है। दिन में शहर के बीच से भारी वाहनों को गुजरने पर भी पुलिस ने पाबंदी लगा रखी है। मगर, कैराना कोतवाली पुलिस बेसुध है। बुधवार को कैराना कोतवाली के सामने से ही गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक सड़क पर दौड़ता नजर आया। ओवरलोड वाहनों के पानीपत-खटीमा मार्ग पर जाम लग गया और वाहन घंटों फंसे रहे। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह का कहना है कि पानीपत-खटीमा राजमार्ग से ओवरलोड वाहनों को नहीं गुजरने दिया जाएगा। इन वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।