जिला प्रशासनिक अधिकारी बने गौतम, परिजनों में खुशी का माहौल
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। जिले के गांव ताना निवासी गौतम सिंह का जिला प्रशासनिक अधिकारी के पद पर चयन हुआ है। इस सफलता पर जहां परिजनों में खुशी का माहौल है, वहीं गौतम सिंह के राजपत्रित अधिकारी बनने का सपना पूरा हुआ है। वे वर्तमान में उत्तरी रेलवे के दिल्ली मुख्यालय में 15 साल से सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।
क्षेत्र के गांव ताना निवासी गौतम सिंह ने बताया कि दो दिन पहले उप्र लोक सेवा आयोग 2016 की परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ है। घोषित परिणाम में उनका चयन जिला प्रशासनिक अधिकारी के पद पर हुआ है। 38 वर्षीय गौतम सिंह पिछले करीब 15 साल से उत्तरी रेलवे के बड़ौदा हाउस नई दिल्ली में स्थित मुख्यालय में सेक्शन कंट्रोलर के पद पर कार्यरत हैं। गौतम के इस पद पर चयन होने पर पिता विजयपाल सिंह और मां केला देवी समेत पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। 2001 में आरके कालेज शामली से ग्रेजूएशन और 2003 में मेरठ यूनिवर्सिटी कैंपस से पोस्ट ग्रेजुएट गौतम सिंह ने बताया कि राजपत्रित अधिकारी बनने का सपना था। पहली बार उन्होंने 2004 में भी यह परीक्षा दी थी, लेकिन उस समय सफलता नहीं मिली थी। इस बार उन्होंने फिर से परीक्षा दी। दूसरी बार में राजपत्रित बनने का सपना पूरा होने पर वे बहुत खुश है।