व्यापारियों ने आत्मघाती हमले के विरोध में बाजार बंद रखा
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आत्मघाती हमले के विरोध में पाकिस्तान के खिलाफ लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
कैराना में व्यापारियों ने बाजार बंद कर जवानों की शहादत पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। व्यापारियों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद लगाते हुए कहा कि आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए वह भी सरहद पर जाने को तैयार हैं। शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल नगर इकाई के आह्वान पर व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सुबह के वक्त व्यापारियों ने व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में तिरंगे के साथ शामली बस स्टैंड से जोड़वा कुआं तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद व्यापारी चौक बाजार में एकत्र हुए। यहां अनिल गुप्ता ने कहा कि पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हमला निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि हमले में शहीद हुए शामली के वीर सपूतों के परिवार से व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल जल्द मिलेगा और उनके लायक जो भी सेवा होगी, वे उससे पीछे नहीं हटेंगे। युवा व्यापारी नईम मंसूरी ने कहा कि पुलवामा अटैक ने हृदय को विचलित करके रख दिया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पहले चुनाव रोक दो और दुश्मनों को ठोक दो। व्यापारी नसीम अहमद ने कहा कि जवानों का बदला लेने के लिए मैं तैयार हूं। पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ वह सरहद पर जाने के लिए तैयार हैं। बदला लेकर रहेंगे। व्यापारी रोशनलाल आर्य ने कहा कि यह काला इतिहास कभी भूला नहीं जाएगा। इस दौरान वरुण सिंघल, अनिल गुप्ता, रोशन लाल, संजू वर्मा, अतुल वर्मा, नफीस अहमद, शौकीन अंसारी, शगुन मित्तल, विपुल जैन, नौशाद मंसूरी, मुनीम, शमीम, सोमपाल, विशाल, अनिल गोयल, राजकुमार, अय्यूब मंसूरी, अरशद, मास्टर नफीस, अख्लाक सैफी, सलीम सैफी, निसार अहमद, इस्लाम, फुरकान शम्सी, हाजी इरशाद शम्सी, हाजी लईक सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।