कैराना। नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता के अनुसार एसडीएम के निर्देशन में राजस्व टीम ऑपरेशन वसूली के तहत गांव जहानपुरा पहुंची। यहां से टीम ने किसान सेवा सहकारी समिति ऊंचा गांव के चेयरमैन जगदीश चौहान के ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि वह मौके पर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि चेयरमैन पर बैंक देय का 15 लाख रुपये बकाया हैं, जिनकी अदायगी नहीं होने पर कार्रवाई की जा रही है। जगदीश चौहान ने बताया कि वे गांव से बाहर गए थे और पीछे से राजस्व विभाग की टीम उनका ट्रैक्टर ले गई। यदि वह मौके पर होते तो कुछ रुपये जमा कर देते। साथ ही जहानपुरा से ही बैंक के बकाएदार राफिल को भी हिरासत में लिया है। इनके अलावा कांधला थानाक्षेत्र के ग्राम चढ़ाव निवासी छत्रपाल पर पांच लाख 63 हजार रुपये बकाया होने के चलते उसका भी ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है। एसडीएम डा. अमित पाल शर्मा का कहना है कि बकाएदारों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।