थानाभवन। कस्बे के मोहल्ला सैय्यादान निवासी छात्र कुश किनरा ने प्रतिभा के दम पर देशभर में क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उसने गणित विषय में नेट की परीक्षा में 26 वीं रैंक हासिल कर सफलता की सीढ़ी चढ़ी है। कुश की उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर कर परिवार को शुभकामनाएं दी। कुश के पिता नौनिहाल किनरा और दादा शंकरदास लोकतंत्र सेनानी होने के साथ-साथ फिलहाल कपड़ा व्यापारी हैं। कुश ने बताया कि उन्होंने एसडी पब्लिक स्कूल से 77.33 अंकों के साथ 10 वीं की परीक्षा पास की। लाला लाजपत राय इंटर कॉलेज से 81.6 प्रतिशत अंकों के साथ इंटर की परीक्षा में कॉलेज टॉप किया। 12वीं की परीक्षा में अच्छे अंक लाने पर उन्हें इंस्पायर अवार्ड के रूप में एमएससी तक प्रतिवर्ष 60 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी मिलती रही। उसने शामली के आरके कॉलेज से फिजिक्स, कैमिस्ट्री एवं गणित विषय से बीएससी की परीक्षा 68.15 प्रतिशत अंकों के साथ पास की। इसके बाद उन्होंने गणित से 85.8 प्रतिशत अंकों से एमएससी की परीक्षा पास करते हुए कॉलेज टॉप किया। एमएससी के बाद उसने नेट की परीक्षा दी थी। कुश ने बताया कि उसका सपना प्रोफेसर बनकर देश की युवा पीढ़ी को सही रास्ते पर लाने का है। वहीं, कुश के पिता नौनिहाल किनरा ने बताया कि वैसे तो उनका परिवार व्यापार से जुड़ा है। मगर, पूरा परिवार चाहता है कि कुश इस पेशे से न जुड़कर शिक्षक बनें और देश की युवा पीढ़ी को सही राह दिखाएं।