कैराना। कोतवाली पुलिस ने शनिवार शाम लोकसभा उपचुनाव के मद्देनजर चेकिंग के दौरान पानीपत की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो से 12 लाख 20 हजार रुपये की नगदी बरामद की थी। गाड़ी सवार ने पुलिस को बताया था कि यह नगदी मुजफ्फरनगर के स्क्रैप व्यापारी की है। नगदी को हरियाणा के पानीपत से दो सरिया फैक्ट्री से लाए जाने की बात पुलिस को कही गई थी। हालांकि, पुलिस को वह कोई प्रमाणित दस्तावेज नहीं दिखा सके थे। इसके चलते पुलिस ने नकदी को अपने कब्जे में ले लिया था और मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी थी। रविवार को कोतवाली पहुंची आयकर विभाग की टीम ने नगदी के बारे में जांच की। अभी तक आयकर विभाग और पुलिस नकदी के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं जुटा पायी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह का कहना है कि फिलहाल 12 लाख 20 हजार की नकदी को जब्त किया गया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।