प्रत्याशी घोषित नहीं पर संकेत साफ
शामली।
कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव की अभी घोषणा नहीं हुई। भाजपा ने अभी प्रत्याशी भी घोषित नहीं किया है, लेकिन पार्टी स्तर पर उसके संकेत साफ दिखाई दे रहे हैं कि प्रत्याशी कौन होगा।
बृहस्पतिवार को परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कैराना मेें मायापुर फार्म हाउस पर संगठन की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा नेता मृगांका सिंह सहित अन्य तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। फिर जब पत्रकारों से वार्ता की गई, तो राज्यमंत्री ने मृगांका सिंह को सहयोग करने की बात कही। इससे इतना तो यह है कि पार्टी स्तर पर कैराना लोकसभा सीट के लिए मृगांका सिंह ही प्रबल दावेदार हैं। हालांकि जब राज्य मंत्री से पूछा गया कि क्या पार्टी ने मृगांका सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया है, तो वह बोले कि अभी घोषणा तो नहीं हुई है। गौरतलब है कि कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा से कई नाम टिकट के दावेदारों में चल रहे हैं। एक तरफ पूर्व सांसद दिवंगत हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह है, जिन्हें सहानुभूति के चलते टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं, सहारनपुर के महेंद्र सिंह गुर्जर, राज्य महिला आयोग की सदस्य डाक्टर प्रियंवदा तोमर और पूर्व सांसद हरपाल सिंह पंवार के बेटे यतेंद्र चौधरी एडवोकेट को भी दावेदार माना जा रहा है।