शामली। प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल रजिस्टर्ड (उत्तर प्रदेश) के प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं एवं उनको अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए आठ अप्रैल को कानपुर में व्यापारी अधिकार रैली होगी।
शनिवार को शामली में कैराना रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर पत्रकारों से बातचीत में अनूप शुक्ला ने बताया कि व्यापारी अधिकार रैली का उद्देश्य व्यापारी को संगठित करके उनकी समस्याओं का समाधान कराना है। आज केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के व्यापारी त्रस्त है। पहले नोटबंदी और जीएसटी ने परेशान किया, तो बजट में भी व्यापारी वर्ग के लिए कोई राहत नहीं मिली। व्यापारी आयोग गठन करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। आठ अप्रैल को कानपुर में होने वाली व्यापारी अधिकार रैली में मंडी शुल्क समाप्त किए जाने, जीएसटी के दो टैक्स स्लैब कराने, जीएसटी की जटिलताओं को दूर करने, ई-वे बिल लागू करने के लिए समय सीमा बढ़ाए जाने, पेट्रोल डीजल के मूल्य को जीएसटी के दायरे में लाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी और समाधान की मांग की जाएगी। इस दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मलिक, मनोज, अनिल गोयल आदि मौजूद रहे।