शामली। जनपद में अब तक भी यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारी अधूरी है। इन केंद्रों में से काफी कॉलेजों में अभी तक भी सीसीटीवी कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। जबकि छह फरवरी से परीक्षा शुरू होने जा रही है।
2018 की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जनपद में इस बार 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परिषद द्वारा सभी जनपदों में जनवरी के पहले सप्ताह में सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी और अन्य स्थिति की जानकारी भेजने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद बोर्ड परीक्षा को लेकर शासन स्तर पर बैठक का आयोजन होना था। जिसमें परीक्षा की तैयारी के बारे में परिषद को पूरी स्थिति शासन को दर्ज करानी थी। डीआईओएस कार्यालय से बृहस्पतिवार को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार अब तक भी 33 परीक्षा केंद्रों में से 11 कॉलेजों में सीसीटीवी नहीं लग सके हैं। जिसमें देहात के कॉलेजों के साथ ही शहर के भी कई एडेड कॉलेज इस सूची में दर्ज है। जबकि शासन के सख्त निर्देश है कि बिना सीसीटीवी के कोई भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। जबकि परीक्षा केे शुरू होने में केवल एक माह बचा है। कार्यवाहक डीआईओएस चंद्रशेखर ने नाराजगी जताते हुए बचे हुए सभी परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को 10 दिन के अंदर हर हाल में सीसीटीवी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कार्यालय को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।