बाबरी (शामली)। बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल थानाभवन से गन्ना इंडेंट कम जारी करने पर किसानों ने रविवार को हिरनवाड़ा में गन्ना क्रय केंद्र पर हंगामा किया। किसानों ने बताया कि शुगर मिल प्रबंधन मनमानी कर रहा है तथा कम इंडेंट जारी किया जा रहा है। इससे खेत में खड़ी फसल नहीं कट पा रही है, जिससे गेहूं बुवाई करने में भी देरी हो जाएगी। इस बारे में गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा से भी किसानों ने वार्ता की थी और गांव में एक और क्रय केंद्र लगवाने की मांग की थी, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हुई। इसे लेकर किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों का कहना है कि यदि शुगर मिल प्रबंधन ने गन्ना इंडेंट नहीं बढ़ाया, तो फसल की होली जलाकर खेत खाली करके गेहूं की बुवाई करनी पड़ेगी। इस दौरान किसान श्याम सिंह, पूर्व प्रधान प्रताप सिंह, डाक्टर बसंत, ठाकुर लखन सिंह, सोमपाल, बिट्टू राणा, मेनपाल, प्रमोद, सीता शर्मा, रामबीर और रोहित आदि किसान मौजूद रहे।