शहर की अरबन पीएचसी में नियमित टीकाकरण की हालत खस्ता है। सात माह बीतने के बाद भी अभी तक मात्र सवा नौ प्रतिशत ही टीकाकरण हो पाया है। बड़ी बात है कि पिछले तीन माह से बच्चों को आयरन सिरप तक नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में एसीएमओ ने बैठक लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को खूब खरी खोटी सुनाई। बैठक में यह बात सामने आई कि अरबन पीएचसी पर तैनात किसी भी एएनएम को अभी तक अपना लक्ष्य तक नहीं पता है।
सोमवार को एसीएमओ डॉक्टर सुशील कुमार ने ब्लॉक वीकली रिव्यू मीटिंग में शामली सीएचसी और अरबन पीएचसी पर टीकाकरण की समीक्षा की। इस दौरान पता चला कि शामली सीएचसी पर जहां अक्तूबर माह तक लक्ष्य के सापेक्ष 72.46 प्रतिशत टीकाकरण किया जा चुका है, वहीं अरबन पीएचसी की हालत बहुत खराब है। अरबन पीएचसी के हल्का नंबर एक में 43.65 प्रतिशत टीकाकरण किया गया, जबकि अरबन पीएचसी के हल्का नंबर दो पंसारियान क्षेत्र में हालत और भी खराब है। यहां अभी तक सात माह में मात्र सवा नौ प्रतिशत ही टीकाकरण किया गया। इस पर एसीएमओ ने संबंधित एएनएम से जवाब तलब किया। बैठक में यह बात सामने आई कि अरबन पीएचसी पर तैनात किसी भी एएनएम को अभी तक अपना लक्ष्य तक नहीं पता है। अरबन पीएचसी की एएनएम के अनुसार बच्चों को वितरित किए जाने वाला आयरन सिरप पिछले तीन महीने से नहीं मिला है। एसीएमओ ने इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे बड़ी लापरवाही बताया। एसीएमओ डाक्टर सुुुशील ने बताया कि यह स्थिति बड़ी चिंताजनक है कि किसी भी एएनएम को अपना लक्ष्य तक नहीं पता, तो काम क्या हो रहा होगा, इसके अलावा तीन माह से आयरन सिरप भी नहीं बंट रहा है। इस संबंध में स्पष्टीकरण तलब कर सीएमओ को रिपोर्ट भेजी गई है।