अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस प्रशासन सिर्फ चेतावनी तक सीमित रह गया। कस्बा कैराना के बाजारों में अतिक्रमण से राहगीरों का निकलना भारी हो गया है। वहीं नगर के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के चलते जाम लगना भी बड़ी समस्या बना है।
कस्बा कैराना के बाजार बेगमपुरा, चौक बाजार, जोड़िया कुआं, सराफा बाजार, पुराना बाजार व मोहल्ला गुंबद में कुछ दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के आगे सामान निकाल कर सड़क पर रख देते है। इन सामानों से आगे दिन पर रेहडी-ठेली वाले भी खड़े हो जाते हैं। जिस कारण बाजार में सड़क पर चलने की जगह नहीं रह जाती और अक्सर जाम लगा रहता है। बीमार हो या वृद्ध या कोई छात्रा, उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस भीड़-भाड़ का फायदा उठा मनचले भी छात्राओं के साथ छेड़खानी करते हैं।
भाजपा सरकार बनने के बाद पुलिस-प्रशासन एक्शन में आया था। उस समय तत्कालीन कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी थी, जिसके बाद अतिक्रमण हट गया था, लेकिन कुछ दिन बाद स्थिति फिरऱ् जस की तस हो गई। एक सप्ताह पहले भी पुलिस ने गश्त करके अतिक्रमण करने वालों को हड़काया था, लेकिन पुलिस-प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए अतिक्रमण ज्यों का त्यों है।
कस्बा कैराना के दीपक, मनोज वर्मा, अखलाक, हिमांशु, विशाल और सन्नी गर्ग आदि का कहना है कि अतिक्रमण करने वाले कुछ लोग पुलिस वालों के पास चाय व ठंडा पीते हैं तो फिर पुलिस की चेतावनी का असर कैसे होगा। वहीं कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार का कहना है कि अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।