शामली। खेत तालाब योजना के तहत जिले में 16 तालाबों का निर्माण कराया जाएगा। जिसकी तैयारी कृषि विभाग के अधिकारियों ने कर ली है। किसान अपने खेतों में भी तालाब खुदवा सकेंगे।
भूमि संरक्षण अधिकारी और जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि वर्षा जल संचयन हेतु खेत तालाब योजना में कुल 16 खेत तालाबों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है जिसमें 15 खेत तालाब सामान्य जाति और एक खेत तालाब अनुसूचित जाति का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें अभी तक पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर सामान्य जाति के पांच खेत तालाबों की बुकिंग प्राप्त हुई है। अतः अवशेष सामान्य एवं अनुसूचित जाति के खेत तालाबों हेतु जो भी किसान योजना का लाभ लेना चाहते हैं वें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत विभागीय पारदर्शी किसान सेवा योजना पोर्टल www. upagriculture.com पर वित्तीय वर्ष 2024-25 खेत तालाब हेतु बुकिंग लिंक पर जाकर क्लिक कर बुकिंग कर सकते हैं।इसके अलावा कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।
पचास प्रतिशत मिलेगा अनुदान
कृषि अधिकारियों के अनुसार, योजना के तहत पात्र को पचास प्रतिशत यानी 52 हजार का अनुदान मिलेगा। साथ ही तालाब योजना की कुल लागत एक लाख 50 हजार रुपये भी दिए जाएंगे।