घायल को समय पर नहीं मिला उपचार
थानाभवन। शनिवार रात करीब आठ बजे मुल्लापुर गांव निवासी मोनू गांव की ही एक दुकान पर सामान लेने गया था। दुकान के निकट कुछ युवकों ने रंजिश के चलते मोनू के साथ मारपीट कर दी। मौके पर पहुुंचे परिजनों ने मोनू को छुड़ाकर पुलिस को फोन किया। इसके बाद पुलिस घायल को लेकर कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय पहुंची, लेकिन वहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक नहीं मिले। आधे घंटे तक भी चिकित्सक नहीं आए तो घायल के पिता अशोक ने विरोध शुरू करते हुए हंगामा कर दिया। इस पर स्टॉफ ने चिकित्सक को फोन किया और फिर आधे घंटे के इंतजार के बाद चिकित्सक मौके पर पहुंचे, तब जाकर घायल को उपचार मिल सका। घायल के पिता ने इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक को शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। इमरजेंसी चिकित्सक दिग्विजय ने बताया कि घरेलू कार्य के चलते वह बाबरी गए थे। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर कांति प्रसाद ने बताया कि अभी पूरा मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।