बिना टेंडर ठेका देने का आरोप
शामली। नगरपालिका के सभासदों ने बिना टेंडर के पुराने ठेकेदार को नाले की सफाई का ठेका देने की शिकायत अपर जिलाधिकारी से की है।
नगरपालिका की वार्ड सभासद निशी रानी और अनिल उपाध्याय ने एडीएम आनंद कुमार शुक्ल को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पालिका अधिकारियों ने बिना टेंडर किए पुराने ठेकेदार को शहर के नालों की सफाई का ठेका दे दिया। सभासदों ने मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पालिका को राजस्व की हानि होना बताया। उन्होंने एडीएम से नाला सफाई के ठेके को निरस्त कर दोबारा ई टेंडरिंग से नाला सफाई का ठेका छोड़े जाने की मांग की। इस संबंध में पालिका के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आदेश सैनी का कहना है कि चुनाव आचार संहिता के कारण पुुराने सफाई ठेका का नवीनीकरण किया गया है, ताकि बरसात के मौसम से पहले शहर के सभी नालों की सफाई का कार्य पूरा हो सके। उनका कहना है कि आचार संहिता हटने के बाद अगर ई टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाती तो इस प्रक्रिया में लगभग एक माह का समय लगता, जिससे समय पर नालों की सफाई का कार्य पूरा नहीं हो पाता। इसके अलावा वार्ड 16 के सभासद अनिल ने एडीएम को पत्र देकर बताया कि आबादी के हिसाब से पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए नया बोरिंग कराने की मांग की है।