अमर उजाला ब्यूरो
शामली। कैराना लोकसभा चुनाव की बृहस्पतिवार को होने वाली मतगणना के लिए चुनाव आयोग की ओर से नियुक्त मतगणना प्रेक्षक हेमंत कुमार पंवार बुधवार को जिला मुख्यालय पर पहुंच गए। उन्होंने मतगणना स्थल नवीन मंडी का निरीक्षण करके व्यवस्था का जायजा लिया। मतगणना स्थल पर मतगणना कर्मियों को अंतिम रूप से प्रशिक्षण दिया गया।
जिला मुख्यालय पहुंचे चुनाव मतगणना प्रेक्षक हेमंत कुमार पंवार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। उन्होंने बेरिकेडिंग की व्यवस्था के साथ साथ पानी, बिजली तथा बढ़ती गर्मी से बचाव के लिए की गई जन सुविधा का भी जायजा लिया। बाद में उन्होंने नवीन मंडी परिसर में मतगणना कर्मियों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण को देखा। इस दौरान मतगणना स्थल पर मतगणना कर्मियों को दो चरणों में अंतिम रूप से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने ईवीएम मतगणना, वीवीपैट पर्ची की मतगणना एवं डाकमत पत्र की गणना का प्रशिक्षण दिया। प्रेक्षक में मतगणना स्थल पर ईवीएम और वीवीपैट को सुरक्षित मतगणना स्थल तक स्ट्रांग रूम से ले जाने के लिए बेरिकेडिंग व्यवस्था का भी जायजा लिया। मतगणना कर्मियों वह निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था को भी चुस्त दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, मतगणना स्थल पर सार्वजनिक वाहनों के आने जाने पर रोक लगाने के लिए भी निर्देश दिए। मतगणना स्थल पर मतगणना से जुड़े अभिकर्ताओं को पास जारी करने के निर्देश दिए। मौके पर डीएम अखिलेश कुमार सिंह, सीडीओ विवेक कुमार त्रिपाठी, उपजिला निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, एसडीएम सदर सुरजीत सिंह, अमित, आशीष सिंह आदि मौजूद रहे।