व्यापार मंडल ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की
शामली। सोमवार को माजरा रोड पर पेस्टीसाइड व्यापारी अमित बालियान की हत्या को लेकर व्यापारियों में रोष व्याप्त है। पश्चिमी उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग, नगराध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, सुभाष धीमान, सुखपाल जांगिड़, गौरव बंसल, रामदयाल गुप्ता, राजीव गर्ग आदि कोतवाली पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मिलकर व्यापारी अमित बालियान की हत्या पर दुख जताते हुए सांत्वना दी। इसके बाद व्यापारियों ने सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह और कोतवाल सुभाष सिंह राठौर से मिलकर हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग ने एसपी अजय कुमार और एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव से फोन पर वार्ता कर रात में शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए व्यापारियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
रात में होगा शव का पोस्टमार्टम
शामली। व्यापारी अमित बालियान की हत्या के बाद परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से सोमवार को ही शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिजनों की मांग पर पुलिस अधिकारियों ने रात में ही पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कागजी कार्रवाई पूरी कराई गई। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि व्यापारी के शव का रात में ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम संबंधी सभी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। उधर, सीएमओ डाक्टर संजय भटनागर ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए टीम भेज दी गई है। शव का रात में ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।
हत्याकांड में पूछताछ के लिए तीन हिरासत में
शामली। व्यापारी अमित की हत्या के आरोपियों की तलाश में पुलिस ने दबिश दी। पुलिस की दबिश के चलते सभी नामजद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने इस सिलसिले में आरोपियों के बारे में पूछताछ व जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों के करीबी तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए आरोपियों के करीबी लोगों से आरोपियों के ठिकानों के बारे में जानकारी की जा रही है।