दो महिलाओं को मारपीट कर घर से निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। जिले में ससुराल पक्ष के लोगों ने दो विवाहिताओं को मारपीट कर घर से निकाल दिया। दोनों पीड़ितों ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
बुधवार को झिंझाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने एसपी अजय कुमार को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व कैराना के एक मोहल्ला निवासी युवक से की थी। आरोप है कि उसका दामाद तंत्रमंत्र का काम करता है। इसके चलते उसने दूसरी महिला को बहला फुसलाकर अपने घर में पत्नी की तरह रखा हुआ है। उसकी पुत्री ने विरोध किया तो उसके पति ने दो मार्च को मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। डायल 100 पुलिस से मामले की शिकायत की गई थी। शिकायत पर पुलिस गांव में पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। समझौते में तय हुआ था कि मकान में दीवार खींचकर दोनों पत्नी को अलग-अलग रखा जाएगा। आरोप है कि आरोपी ने समझौते का मानने से इंकार कर दिया। इस मामले की शिकायत कैराना पुलिस से गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एक अन्य मामले में शामली निवासी पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी शादी झिंझाना क्षेत्र में हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग को लेकर उसे परेशान कर रहे थे। करीब डेढ़ माह पूर्व ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसके घर में घुस आए और दहेज की मांग को दोहराते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने रस्सी से फंदा लगाकर उसकी हत्या करने का भी प्रयास किया। पीडिता ने एसपी से कार्रवाई करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।