कैराना। पहाड़ों में रुक रुककर हो रही बारिश के चलते यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यमुना अभी भी चेतावनी के निशान से ऊपर बह रही है।
सोमवार को हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोडे़ गए 36 हजार क्यूसेक पानी के कारण मंगलवार को यमुना का जलस्तर बढ़ गया। जिस कारण जलस्तर चेतावनी बिंदु का पार करते हुए 230.2 मीटर पर पहुंच गया था। मंगलवार दोपहर 12 बजे यमुना में डिस्चार्ज किए गए 46 हजार 429 क्यूसेक पानी के कारण बुधवार को भी यमुना का जलस्तर स्थिर रहा और गेज 230.2 मीटर पर नापा गया। उधर हथिनीकुंड कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर 12 बजे यमुना में अधिकतम 31 हजार 342 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिस कारण यमुना के अभी उफान पर ही रहने की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही यमुना नदी में भोलों के स्नान करने को देखते हुए पीएसी व प्राइवेट गोताखारों के साथ ही पुलिस प्रशासन नजर लगाए हुए हैं।