शामली। शासन द्वारा निर्धारित एक लाख 16 हजार क्विंटल के सापेक्ष जिले में एक लाख 18 हजार क्विंटल गेहूूं की खरीद हुई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल 31 हजार क्विंटल गेहूं की ज्यादा खरीद की गई है। 15 जून तक गेहूं की खरीद की जाएगी।
उत्तर प्रदेश शासन ने जिले के 26 खरीद केंद्रों के लिए एक लाख 16 हजार क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया था। 55 दिनो में इस लक्ष्य के सापेक्ष में शुक्रवार तक एक लाख 18 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद कर 2017 की गेहूं खरीद का रिकार्ड तोड़ दिया गया है। गत साल जिले में 87 हजार क्विंटल ही गेहूं खरीद हो पाई थी। इस साल बाजार में कम और खरीद केंद्रों पर अधिक भाव होने से बंपर खरीद शुरू हो गई थी। शुक्रवार तक 55 दिनों में खाद्य विभाग ने 28 हजार 350 क्विंटल, पीसीएफ ने 70 हजार 625 क्विंटल, पीसीयू ने 11 हजार 476 क्विंटल और एफसीआई ने 7 हजार 875 क्विंटल गेहूं की खरीद की है। डिप्टी आरएमओ निहारिका ने बताया कि 15 जून तक गेहूं की खरीद की जाएगी। इस साल 31 क्विंटल गेहूं की अधिक खरीद कर लक्ष्य शत प्रतिशत पूरा करके आगे निकल गए है।