कक्षा में शिक्षक नहीं मिलने पर डीएम ने जताई नाराजगी
शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने वीवी इंटर कॉलेज का निरीक्षण करते हुए छात्रों को दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान कक्षा में कोई भी शिक्षक न मिलने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए डीआईओएस को शिक्षकों की उपस्थित दर्ज करने के निर्देश दिए।
शनिवार को शहर के वीवी इंटर कॉलेज में स्वीप द्वारा आयोजित मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाने पहुंचे जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने वीवी इंटर कॉलेज में छात्रों की दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने कई कक्षाओं में घूमकर छात्रों से वार्ता की, लेकिन किसी भी छात्र द्वारा डीएम द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर न दिए जाने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। छात्रों द्वारा कक्षा में किताबें न लेकर आने तथा किसी भी कक्षा में शिक्षकों के न मिलने पर उन्होंने डीआईओएस चंद्रशेखर को बुलाकर सभी शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि अगर इंटरमीडिएट स्कूलों में भी बेहतर शिक्षा प्रदान नहीं की जाएगी तो देश की भविष्य के क्या होगा।