मूल्यांकन केंद्र के मैन गेट पर की तालाबंदी
शामली।
जिले के वित्तविहीन शिक्षकों ने विभिन्न मांगों को लेकर दूसरे दिन मूल्यांकन केंद्र के मैन गेट पर तालाबंदी करते हुए धरना जारी रखा। वहीं, रायबरेली में पुलिस द्वारा प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी करने पर कड़ी निंदा करते हुए रोष जताया। इसके साथ ही सभी शिक्षकों ने मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी।
रविवार को शहर के आरके इंटर कॉलेज में चल रहे मूल्यांकन केंद्र पर वित्तविहीन शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन भी मूल्यांकन का बहिष्कार करते हुए धरना दिया। वहीं, केंद्र के मैन गेट पर तालाबंदी करते हुए विरोध किया। इसके साथ ही सभी शिक्षकों ने पुलिस द्वारा माध्यमिक वित्तविहीन महासभा के प्रदेश अध्यक्ष उमेश द्विवेदी को जिला रायबरेली में गिरफ्तार करने पर रोष जताया। इसके बाद, वित्तविहीन शिक्षकों ने मूल्यांकन केंद्र पर प्रत्येक कमरे में घूमकर कुछ वित्तविहीन शिक्षकों द्वारा किया जा रहे मूल्यांकन से आहत होकर शिक्षकों से सहयोग देने की अपील की। वहीं, कुछ शिक्षक संगठन के शिक्षकों को आता देख कमरों से बाहर निकलकर छुपते छिपाते मिले। जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार भार्गव ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में वित्तविहीन शिक्षकों की 87 प्रतिशत भागीदारी है। इसके बाद भी सरकार के पास इन्हें देने के लिए कुछ नहीं है। नतीजतन शिक्षकों की हालत मजदूर से भी ज्यादा खराब हो गई है। यदि सरकार ने जल्द ही कोई उचित निर्णय नहीं लिया तो शिक्षक कुछ भी कर गुजरने को तैयार हैं। संगठन मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि शिक्षक अपना हक लेकर रहेंगे, जिसके लिए चाहे शिक्षकों को जेल में भी जाना पड़े। वहीं, प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने कहा कि जब तक सरकार समान कार्य, समान वेतन की व्यवस्था नहीं करती तब तक सभी शिक्षकों के मानदेय की व्यवस्था करनी चाहिए। मांग पूरी होने तक धरना जारी रखा जाएगा। धरने की अध्यक्षता सतीश कुमार व संचालन नरेश कुुमार शर्मा ने किया। इस दौरान भोपाल सिंह, अनिल शर्मा, विनय, रवींद्र, सौराज, रामकुमार, शिवकुमार, अश्वनी, रामनाथ, संतोष, शालू, रजनी, रविता, श्रीपाल, पंकज, मोनिका, ज्ञान सिंह, संजय कुमार, हरिओम, सोनिया आदि मौजूद रहे।