शामली। जनपद के अधिकतर माध्यमिक हाईस्कूलों और इंटर कॉलेजों में अभी तक सुझाव पेटिका नहीं लगाई गई है। जबकि शासन ने सत्र के शुरुआत में ही सभी जनपदों के डीआईओएस को पत्र भेजकर सुझाव पेटिका लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों को कॉलेज में सुझाव पेटिका लगाने के निर्देश दिए थे। यह पेटिका इसलिए लगाई जानी थी कि कोई भी छात्र-छात्रा, अभिभावक या फिर आम आदमी भी कॉलेज में गलत गति विधियों में सुधार या फिर कॉलेज में किसी भी सुधार या शिकायत के लिए अपना सुझाव पेटिका में डालकर बता सके। वहीं किसी भी स्कूल और कॉलेज में कुछ गलत होने या शिक्षण कार्य न होने के कारण अधिकारियों के मोबाइल पर फोन कर शिकायत कर सके। शहर के वीवी इंटर कॉलेज और आरके इंटर कॉलेज में अभी तक भी गेट के पास कोई सुझाव पेटिका व अधिकारियों के नंबर नहीं लिखाए गए है। ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य के कमरे की विंडों पर सुझाव पेटिका लटकी हुई मिली। वहीं कैराना के पब्लिक इंटर कॉलेज में भी सुझाव पेटिका लगी पाई गई। जनपद में 95 स्कूल कॉलेज है। जिनमें अधिकांश कॉलेजों में अभी तक भी सुझाव पेटिका नहीं लगाई गई है। कार्यवाहक डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि सभी स्कूल, कॉलेजों का जल्द ही निरीक्षण कराया जाएगा। जिन विद्यालयों में अभी तक भी सुझाव पेटिका नहीं लगाई गई है। सभी प्रधानाचार्यों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।