हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रोहाना मिल निवासी सुदेश कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसका तहेरा भाई सतीश पुत्र महावीर को अज्ञात वाहन ने रोहाना में टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सतीश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पहले मेरठ और फिर दिल्ली रेफर कर दिया गया। सुदेश ने बताया कि सोमवार रात दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में उपचार के दौरान सतीश की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एसपी देहात के नेतृत्व में निकाला फ्लैग मार्च
मीरापुर। बृहस्पतिवार 11 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव मतदान के मद्देनजर मंगलवार को एसपी देहात आलोक शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल व पंजाब पुलिस, सीआरपीएफ व पीएसी के सशस्त्र जवानों के साथ ही रामराज थाना पुलिस ने भी कस्बे और थाना क्षेत्र के 18 गावों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान एसपी देहात आलोक शर्मा व सीओ जानसठ सोमेंद्र सिंह नेेगी ने लोगों से निडर होकर मतदान करने और किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर तत्काल इसकी सूचना अफसरों को अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की। एसपी देहात ने बताया कि चुनाव संपन्न कराने आई फोर्स को स्थानीय शिक्षण संस्थाओं में ठहराया गया है, जहां उनके लिए हर मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।