अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2017 के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
रविवार को कैराना रोड स्थित गगन गार्डन विवाह मंडप में शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा वेद मूर्ति तपोनिष्ठ माता भगवती की जयंती पर सम्मान समारोह का आयोजन किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि यूपी के पूर्व आईजी विजय गर्ग व कांग्रेस पूर्व विधायक पंकज मलिक ने सरस्वती के मां के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने भारतीय संस्कृति के महत्व का वर्णन करते हुए छात्रों को शिक्षा के महत्व को अपनी संस्कृति को, व्यवहार को, नैतिक मूूल्यों और सामाजिक मूल्यों को अपने जीवन में उतारने का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं द्वारा किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की और बच्चों को सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में जनपद के 104 स्कूल, कॉलेजों के लगभग एक हजार प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष राजेंद्र गोयल और डॉ. वेद कुमारी रही। संचालन जिला प्रभारी अनुज गौतम ने किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों में अजय संगल, विजय, सत्यप्रकाश अग्रवाल, विपिन कौशिक, यशपाल पंवार, वैभव गर्ग आदि मौजूद रहे।