जिले के नोडल अधिकारी एवं अपर आयुक्त आवास परिषद महेंद्र सिंह ने शामली के फतेहपुुर गांव के विकास कार्य, सिक्का गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी, लिलौन गांव में निर्माणाधीन राजकीय बालिका इंटर कालेज का निरीक्षण किया। इस दौरान विकास कार्यों की गुणवत्ता परखी। रिपोर्ट तैयार कर रविवार को लखनऊ को रवाना होंगे।
शनिवार को उन्होंने लिलौन के राजकीय बालिका इंटर कालेज में पहुंचकर इंटर-जूनियर सेक्शन के भवनों की लोक निर्माण विभाग एवं डीआरडीए, आरईएस के अधिकारियों की गठित टीम के साथ ईंटों, सीमेंट, टाइल्स की गुणवत्ता जांची। अपर आयुक्त आवास ने सिक्का गांव में निर्माण धीन पानी की टंकी की जांच कराकर गुणवत्ता को निरीक्षण के दौरान परखा। गांव के लोगों से पानी मिलने की जानकारी ली। इसके अलावा फतेहपुर गांव में सीसी सड़के, नालियां ,सफाई और विकास कार्यों की पड़ताल की।
अपर आयुक्त महेंद्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे। निरीक्षण के दौरान प्रभारी डीएम, सीडीओ रेनू तिवारी, एडीएम शिव बहादुर सिंह, डीपीआरओ नरेश चंद, जिलाविद्यालय निरीक्षक एमएस सिद्दीकी, एसडीएम सदर सुरजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रविंद्र सिंह, सहायक अभियंता वीके जैन, पीआर शर्मा, डीआरडीए के सहायक अभियंता दिनेश सिंघल, बीडीओ शामली बालेश्वर दयाल समेत जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
साल के अंत तक तैयार होगा बालिका इंटर कालेज
लिलौन में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निर्माण इसी साल के अंत तक पूरा हो जाएगा। इंटर व जूनियर सेक्शन भवन पूरी तरह तैयार हो गए हैं। प्रथम व द्वितीय तल के कमरो में टाइल्स लगाने का काम चल रहा है। सफेदी-पुताई का कार्य अधूरा है। जूनियर वर्ग के कमरो की सफेदी-पुताई का कार्य हुआ है। कमरो में टाइल्स लगाने का काम चल रहा है। राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि दिसंबर तक निर्माण पूूरा हो जाएगा।