हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत
झिंझाना (शामली)। मेरठ करनाल हाईवे पर यमुना नदी पुल के पास अज्ञात वाहन चालक ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे उन दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बाइक सवार करनाल (हरियाणा) जिले के गांव नसीरपुर के रहने वाले थे और नानौता (सहारनपुर) के गांव काशीपुर स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे।
मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे मेरठ करनाल हाईवे पर यमुना नदी के पुल के पास बाइक सवार दो युवकों को किसी वाहन ने कुचल दिया। जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची झिंझाना थाना पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं होने पर दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिए। बाद में थाना झिंझाना पहुंचे करनाल के गांव नसीरपुर के लोगों ने मृतकों की पहचान की। उन्होंने बताया कि बाइक सवार अर्जुन (45) और रिंकू (25) सहारनपुर जिले के थाना नानौता के गांव काशीपुर में रिश्तेदारी में जा रहे थे। मामले में अर्जुन के भाई विक्रम ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाना झिंझाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दुर्घटना होने के कारण पुल पर लगा रहा जाम
मंगलवार रात मेरठ करनाल हाईवे पर यमुना नदी के पुल के पास जब दुघर्टना में दो युवकों की मौत हुई, तो ट्रैफिक जाम भी लग गया था। झिंझाना थाने की बिड़ौली चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने मामले में संवेदनहीनता दिखाते हुए करीब एक घंटे तक शवों को सड़क से नहीं हटवाया तथा ट्रैफिक भी सुचारु नहीं किया। इसके बाद सूचना मिलने पर थाना प्रभारी भगवत सिंह मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने चौकी पर तैनात सिपाहियों को हड़काते हुए दोनों के शव उठवाकर अपनी प्राइवेट कार से मोर्चरी भिजवाए। तब जाकर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु हो सका। झिंझाना थाना पुलिस देर रात जब दोनों युवकों के शव लेकर मोर्चरी पर पहुंचे, तो वहां ताला लगा था। पुलिसकर्मियों के मुताबिक ताला तोड़कर शवों को अंदर रखवाया गया। फिर नया ताला मंगाकर लगवा दिया गया।