कैराना। करीब पांच माह पहले नगर पालिका ने कस्बे में कूड़ा उठाने के लिए 15 वाहन खरीदे थे। खरीद के बावजूद ये वाहन पांच माह से जंग खा रहे थे। अमर उजाला ने 30 अक्तूबर के अंक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद नगरपालिका ने इन वाहनों पर चालकों की नियुक्ति कर घर-घर कूड़ा उठाने के लिए सोमवार को रवाना कर दिया।
नगर पालिका कैराना ने कस्बे की साफ सफाई और अधिक बेहतर करने के उद्देश्य से ऑनलाइन जैम पोर्टल के द्वारा करीब पांच माह पहले कूड़ा उठाने के लिए 15 वाहन 93 लाख की कीमत में खरीदे थे। ऑनलाइन भुगतान होने के बाद सभी वाहन भी आ गए थे, जो नगर पालिका की टंकी नंबर एक परिसर में खड़े थे। सभी वाहनों के लिए चालकों की नियुक्ति होते ही पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने नगर के समस्त सभासदों के साथ वाहनों के संचालन का उद्घाटन किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया।
पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर की सफाई व्यवस्था और अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से 15 वाहन खरीदे गए थे। प्रत्येक वाहन में गीला कूड़ा व सूखा कूड़ा उठाने की व्यवस्था है। उन्होंने नगर वासियों से कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में कूड़ा ना डालें। डोर टू डोर प्रत्येक वार्ड में वाहन घूम कर सुखा कूड़ा व गीला उठाने का कार्य करेंगे। जिससे कूड़े से फैलने वाली बीमारियों से भी नगरवासियों को राहत मिलेंगी।
-------------
- कूड़ा निस्तारण के लिए दो कंपैक्टर मशीनें
नगर पालिका द्वारा 10 दिन पूर्व नगर का कूड़ा उठाने के लिए करीब 55 लाख की कीमत की दो कंपैक्टर मशीनें भी खरीदी गई थी। दोनों मशीनों के पीछे लगे हाइड्रोलिक सिस्टम के माध्यम से कूड़े के ढेर को उठाकर मशीन कूड़े कचरे को अपने अंदर ले लेगी। यहां से कूड़ा आसानी से उठाकर डंपिंग ग्राउंड तक ले जाया जाएगा। वहीं कूड़ा उठाने वाले 15 नए वाहनों एवं कंपैक्टर मशीनों के आ जाने से नगर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा।