पाइप लाइन लिकेज होने से मकानों में आई दरार
कांधला।
मोहल्ला शेखजादगान स्थित दो लोगों के मकानों में दरारें आ जाने से मकान गिरने की कगार पर पहुंच गए हैं। इससे दोनों के परिवारों में दहशत व्याप्त है।
मोहल्ला शेखजादगान डाकघर के निकट सलीम और इलमचंद के मकान स्थित है। रविवार को दोनों लोगों के मकानों में आकस्मिक रूप से दरारें आ गई। मकान की नींव जमीन में धसने लगी। दृश्य को देखने के पश्चात दोनों परिवारजनों में हड़कंप मच गया। मकान की स्थिति को देखते हुए परिवार के लोग सुरक्षित स्थान पहुंचे और नगर पालिका प्रशासन को मामले की शिकायत की गई। परिवार के लोगों का आरोप है कि पाइप लाइन लिकेज होने से मकानों में दरारें आई हैं, जिससे मकान की छत, दीवारें, नींव पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित दोनों लोगों ने मकान को सुरक्षित रखने के लिए मकान को बल्ली की सपोर्ट देकर बचाने की जुगत में हैं। परिवार के लोग मकान छोड़कर अन्य सुरक्षित स्थान पर रहने को मजबूर हैं। पीड़ित परिवार के लोगों ने मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर मदद की गुहार लगाई है।