डीएम ने किया ऊन ब्लॉक का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
ऊन। डीएम ने ऊन ब्लॉक का निरीक्षण कर सचिवों को गांव का सही ढंग से आवंटन न करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने ओडीएफ के अंतर्गत आए शौचालय का कार्य तुरंत शुरू कराने के निर्देश दिए।
डीएम अखिलेश सिंह ने ब्लॉक ऊन कार्यालय का निरीक्षण किया। जिसमें सचिवों को गांव आवंटन की जानकारी करने पर पाया कि एक सचिव मंजूषा को एक गांव दिया गया। जबकि सचिव ललित कुमार को ग्यारह गांव आवंटित किए गए। जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए कार्यों और कार्य पूर्ति रजिस्टर की जानकारी ली। इस बीच बाबू राजकुमार तायल को रजिस्टर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने 14 वित्त आयोग में आए धन की जानकारी ली तो डीडीओ बलराम कुमार ने बताया कि 20 करोड़ आए थे। जिनमें से 13 करोड़ का कार्य कराया जा चुका है। बचे हुए सात करोड़ की कार्ययोजना बनाई जा रही है। जिसके बाद कार्य कराए जाएंगे। डीएम ने गांव में पानी निकासी की समस्या के समाधान हेतु एसडीएम की अध्यक्षता में टीम बनाकर उन्हें हल कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ विवेक त्रिपाठी, पीड़ी ज्ञानेश्वर प्रसाद, डीडीओ बलराम कुमार, एई डीआरडीओ दिनेश सिंघल, डीसी शैलेंद्र व्यास, एसडीएम केपी तोमर, बीडीओ मुकेश कुमार सहित सभी एडीओ और सचिव मौजूद रहे।