शामली। सर्जिकल स्ट्राइक की वर्षगांठ शनिवार को शहर में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर 85 यूपी बटालियन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अधिकारियों ने कैडेट को सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शनिवार को पूरे भारत में पाकिस्तान के खिलाफ किए गए सर्जिकल स्ट्राइक की वर्षगांठ पराक्रम दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर 85 यूपी बटालियन एनसीसी में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत ध्वजारोहण कर गार्ड आफ ऑनर से की गई। कमान अधिकारी कर्नल प्रदीप भाटिया ने बताया कि पाकिस्तान ने हमारे देश में घुसकर हमारे कई सैनिकों को शहीद कर दिया था। जिसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए न केवल आतंकी कैंपों को नष्ट किया, बल्कि कई पाकिस्तानी सैनिकों को भी मार गिराया था और सुरक्षित अपनी सीमा में आ गए थे।
यह काम कुछ ही घंटों में अंजाम देकर सेना ने दिखा दिया कि भारतीय सेना अपनी सैनिकों की शहादत का बदला लेना अच्छी तरह जानती है। अगर पाकिस्तान ने दोबारा ऐसा दुस्साहस करने का प्रयास किया, तो उसको उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। पाकिस्तान आए दिन बार्डर पर गोलीबारी करता रहता है और भारतीय सेना भी उसका मुंहतोड़ जवाब देती है। सर्जिकल स्ट्राइक तो मात्र एक उदाहरण है। अगर जरूरत पड़ी तो भारतीय सेना पाकिस्तान के अंदर भी घुस जाएगी। इस अवसर पर सूबेदार मेजर नरेश कुमार, सूबेदार सुनील कुमार सहित भारी संख्या में कैडेट भी मौजूद रहे।