विद्युत निगम के खिलाफ किया प्रदर्शन
कांधला। विद्युत निगम के चेकिंग अभियान के खिलाफ कांधला के लोगों में रोष बना हुआ है। आरोप है कि बकाया बिल के नाम पर उपभोक्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है तथा बिल भुगतान के बावजूद परेशान किया जा रहा है।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल और शेखजादगान में विद्युत विभाग द्वारा पिछले दिनों चेकिंग अभियान चलाकर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। मोहल्लेवासी फरीद, देवेंद्र, रुखसार, रफीकन, जरीफ, खुर्शीद, तनवीर, गययूर आदि का कहना है कि विद्युत निगम अपनी मनमानी कर रहा है। आरोप है कि संविदा कर्मचारी बिल वसूली कर ले जाते हैं, उसके बाद भी उनके पास अतिरिक्त बिल पहुंच रहे हैं। बिलो को ठीक करने के नाम पर अवैध वसूली की मांग की जा रही है। बुधवार को मोहल्ले के लोगों ने हंगामा प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की। लोगों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ जांच कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चेकिंग अभियान चलाया गया।