समय पर कार्य नहीं करने पर होगी कार्रवाई
शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा ने कार्यालय के वरिष्ठ सहायक की कार्य में लापरवाही के चलते उन्हें उनके मूल स्थान सहारनपुर में भेज दिया गया है। वहीं, बीएसए विभाग के भी कई कर्मचारियों की लापरवाही के चलते संविदा समाप्त हो सकती है। उन्होंने डीआईओएस और बीएसए कार्यालयों में मौजूद कर्मचारियों और बाबुओं और उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की सूची मांगी है।
बुधवार को उन्होंने कार्यालय के वरिष्ठ सहायक पद पर तैनात विकास नैथानी को छह माह से अधूरी पड़ी फाइलों को पूरी नहीं करने पर नाराजगी जताई। डीआईओएस ने बताया कि उनको कार्यालय मेें कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर और समय से कार्य न करने के चलते उनके मूल स्थान राजकीय कन्या इंटर कॉलेज देवला सहारनपुर के लिए स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं, बीएसए का स्थानांतरण होने के कारण उनका कार्यभार भी उन्हें ही दिया गया है। उन्होंने बताया कि बीएसए विभाग में भी काफी कर्मचारी सरकारी कार्यों को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं। उन्हें दो दिन से फोन किया जा रहा है, लेकिन वह नहीं उठा रहे हैं। इसके चलते लापरवाही को लेकर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वालों की संविदा समाप्त की जाएगी और कार्य करने वाले लोगों को उनके स्थान पर रखा जाएगा। उन्होंने दोनों कार्यालय के बाबुओं से अपने अपने कार्यालय के सभी कर्मचारियों की सूची और उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की सूची जमा कराने के लिए कहा है।