कांधला। गांव नानुपूरी में कई माह से सफाई कर्मी के ना पहुंचने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए समस्या का समाधान ना होने पर चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
थाना क्षेत्र के गांव जसाला के मजरा गांव नानूपूरी की आबादी करीब 600 की है। ग्रामीण ओमपाल, ब्रह्म सिंह, संदीप, कल्लू, सुधीर, मोहर सिंह, रामपाल, संजय, खिलारी, रवि, विक्की, तेजेंद्र, सुखबीरी आदि के अनुसार गांव में सफाई कर्मी बहुत कम आता है। सफाई कर्मी के ना पहुंचने से गांव के चारों ओर गंदगी के ढेर लगे हुए है। नालियों में गंदगी अटी पड़ी होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसके कारण बरसात के मौसम में पानी सड़कों पर भर जाता है। पानी और गदंगी जमा होने के कारण बीमारी फैलने का भय ग्रामीणों में बना रहता है। इसकी शिकायत तहसील दिवस, ब्लाक कार्यालय और गांव प्रधान से की जा चुकी है, लेकिन इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने गांव में हंगामा प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से समस्या के समाधान किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे लोग चुनाव का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। गांव प्रधान जसाला शिवकुमार का कहना है कि उन्हें मामले की शिकायत मिली है कि ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।