कठुआ कांड के विरोध में कैराना में निकाला कैंडल मार्च
कैराना। जम्मू के कठुआ में बच्ची के साथ गैंगरेप व उसकी हत्या तथा उन्नाव की घटना के विरोध में अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के तत्वावधान में लोगों ने कैंडल मार्च निकाला।
शनिवार शाम चौक बाजार स्थित लहरी के घेर के पास अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के कार्यकर्ता एकत्र हुए। इस दौरान जम्मू के कठुआ में कई दिन पूर्व हुई बच्ची की गैंगरेप के बाद हत्या और उन्नाव में युवती के साथ दुष्कर्म तथा कार्रवाई की मांग करने पर उसके पिता की हत्या की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई। पूर्व सांसद तब्बसुम हसन ने भाजपा के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान पर तंज कसते हुए दुष्कर्म की घटनाओं पर नाराजगी जताई। इसके बाद सैकड़ों लोगों ने हाथों में तख्तियां व कैंडल लेकर पैदल मार्च किया। तख्तियों पर लिखा था कि बच्ची को न्याय दो, बलात्कारियों को सजा दो, मासूम बच्चियों के साथ बलात्कार आखिर कब तक? कैंडल मार्च चौक बाजार से शांतिपूर्वक होता हुआ शामली बस स्टैंड के पास पालिका मार्केट पर जाकर संपन्न हुआ। इस दौरान पूर्व सांसद तबस्सुम हसल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष छात्र सभा अतुल प्रधान, अनम हसन, आलम चौधरी, मुबारिक हसन, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष वसीम चौधरी, नीरज चौहान आदि मौजूद रहे।