गांव अजीजपुर के जंगल में जंगली जानवर देखने के बाद ग्रामीणों में दहशत है। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने जानवर के पंजों के निशानों की छानबीन की। खेतों में बने पंजों के निशान की फोटो उच्चाधिकारियों को भेजी गई हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने भी खतरनाक जानवर होने की आशंका जताई है तथा किसानों को खेतों पर न जाने और सावधानी बरतने की अपील की है।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे गांव अजीजपुर के जंगल में किसान अपने खेतों पर कृषि कार्य में व्यस्त थे। उसी दौरान किसानों को काफी दूरी पर तेंदुआ जैसा जानवर दिखाई दिया। इसके चलते किसानों में दहशत फैल गई और वह खेतों से घर की तरफ भाग आए। इसके बाद गांव से किसान बाबू, इकबाल, जुल्फी, मुस्तकीम, नौशाद, इस्लाम आरिफ आदि लाठी-डंडे लेकर खेतों पर पहुंचे तो जानवर खेतों से होता हुआ झाड़ियों में जाकर छिप गया।
इस बारे में पूर्व प्रधान खुर्शीद ने वन विभाग के अधिकारियों को कॉल कर जानकारी दी। बाद में एक वनकर्मी वहां पर पहुंचे और जानवर के पंजों के निशान की फोटो लेकर वन रेंजर को भेज दी। वन विभाग के अधिकारियों ने भी फोटो का मिलान जानवरों के पंजे से किया। वन रेंज अधिकारी योगेश शर्मा ने बताया कि जानवर के पंजों को देखने से लगता है कि कोई खूंखार जानवर हो सकता है। वन विभाग ने ग्रामीणों को उस जंगल की ओर ना जाने की हिदायत दी है। उनका कहना है कि अभी वन महोत्सव चल रहा है। जिलाधिकारी से स्वीकृति लेकर जानवर को पकड़ने के लिए टीम गठित की जाएगी।