नगर निकाय चुनाव में आरक्षण व्यवस्था को लेकर पिछड़ी जातियों के व्यक्तियों की गणना के लिए रेपिड सर्वे 10 जुलाई तक चलेगा। इस संबंध में तहसीलदार राकेश त्यागी ने बीएलओ और सुपरवाइजरों की बैठक लेकर निष्पक्षता से घर घर जाकर सर्वे पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मंगलवार दोपहर कलक्ट्रेट सभाकक्ष में तहसीलदार सदर राकेश त्यागी ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजरों को बैठक ली। उन्होंने बताया कि नगर निकायों में पिछड़ी जातियों के व्यक्तियों की गणना के लिए रेपिड सर्वे 19 जून से शुरू हो चुका है। उन्होंने सर्वे में अभी तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि रेपिड सर्वे में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। घर घर जाकर सर्वे कराया जाए, ताकि किसी तरह से गलतियां न रहने पाएं। उन्होंने बताया कि सर्वे कार्य 10 जुलाई तक पूर्ण करने के बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जानी है। इसीलिए सर्वे में लगे बीएलओ और सुपरवाइजर तेजी से कार्य निपटाएं। इस मौके पर रजिस्टार कानूनगो, बीएलओ, सुपरवाइजर आदि मौजूद रहे।
ऊन तहसील में कोरी समाज करेगा प्रदर्शन
शामली। उत्तर प्रदेश दलित चेतना मंच के अध्यक्ष विनोद कोरी ने बताया कि 29 जून को ऊन तहसील क्षेत्र में कोरी समाज अपनी मांगो को लेकर धरना- प्रदर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरी जाति के प्रमाण पत्रों के विरोध में कोई शासनादेश नहीं आया हैं। प्रशासन कोरी जाति के प्रमाण पत्र का अमान्य कर उनका भविष्य खराब करने मेें लगा है।