यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट और हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल गए। इस सफलता पर जहां उनके अभिभावकों में खुशी है, वहीं रिजल्ट अच्छा आने पर स्कूल प्रबंधन की तरफ से भी प्रशंसा की गई।
शामली के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 10 वीं का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। 290 बच्चे उत्तीर्ण हुए। 12 वीं में 274 में से 273 बच्चे उत्तीर्ण हुए। प्रधानाचार्य आनंद शर्मा ने बताया कि विद्यालय का रिजल्ट बहुत अच्छा रहा, बच्चों ने कड़ी मेहनत से पढ़ाई की। आरके इंटर कॉलेज के 10 वीं में 235 में से 233 बच्चों ने परीक्षा दी, जिनमें 232 बच्चे उत्तीर्ण रहे। विद्यालय का रिजल्ट 99.2 प्रतिशत रहा। विद्यालय प्रधानाचार्य लोकेंद्र सिंह ने बताया कि इंटरमीडिएट के कला वर्ग में 93.1, विज्ञान वर्ग में 91.6 प्रतिशत, कृषि प्रथम में 74.6 और कृषि द्वितीय का रिजल्ट 94.6 प्रतिशत रहा। विज्ञान वर्ग में शिवम मलिक ने 436 अंक प्राप्त कर कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग में धीरज शर्मा 401 अंकों के साथ दूसरे और राहुल कुमार ने 398 अंक पाकर तीसरा स्थान पाया।
श्री सत्यनारायण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि कक्षा 10 वीं में 275 बच्चों ने परीक्षा दी। 10 वीं का रिजल्ट 99.5 प्रतिशत रहा। 87 प्रतिशत अंकों के साथ विक्की कश्यप प्रथम स्थान पर रहा, जबकि 86 प्रतिशत अंकों के साथ निशांत संगल दूसरे और 82.8 प्रतिशत अंकों के साथ विशाल मित्तल तीसरे स्थान पर रहा। इंटर में आरजू ने 82.4 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, अक्षय राणा ने 81.6 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और प्रिया सरोहा ने 79.2 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के अध्यक्ष ब्रजभूषण संगल, प्रबंधक अनुज तायल, कोषाध्यक्ष राकेश गर्ग ने बच्चों को बधाई दी।
दिल्ली रोड स्थित देशभक्त इंटर कॉलेज का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। इंटर में आंचल शर्मा 77 प्रतिशत अंक पाकर प्रथम स्थान पर रही, जबकि रश्मि 75 प्रतिशत अंक पाकर दूसरे स्थान पर रही। विद्यालय प्रबंधक सुरेश कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य विनोद कुमार शर्मा ने छात्र छात्राओं को शुभकामना दी हैं।
बनत स्थित देवी उमराकौर वैदिक इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और इंटर का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में अंशवी और कविता ने 88.5 प्रतिशत अंक पाकर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। रोहल कपिल ने 86.8 प्रतिशत अंक पाकर दूसरे और सौरव कपिल ने 85.8 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान पाया। वहीं इंटर में 84.8 प्रतिशत अंक के साथ शबाब चौधरी प्रथम स्थान पर रहा, तो 83.6 प्रतिशत अंक के साथ प्राची दूसरे और 82.8 अंक के साथ अभिनव चौधरी तीसरे स्थान पर रहा।
भैंसवाल स्थित कन्या कल्याण गुरुकुल शिक्षा संस्थान इंटर कॉलेज का परिणाम भी शत प्रतिशत रहा। इंटर में 66 छात्राओं ने परीक्षा दी, जिसमें 54 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई। कविता और ज्योति ने 75 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पाया। इसके अलावा पूजा पंवार, पायल और सरिता 72 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। हाईस्कूल में 82.1 प्रतिशत अंक पाकर तनु पंवार प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि 81 प्रतिशत अंकों के साथ शिवानी ने दूसरा और 79 प्रतिशत अंकों से रूपाली ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय प्रधानाचार्या ऊषा सहरावत और प्रबंधक सीमा वर्मा ने छात्राओं को शुभकामना दी हैं।