नौ गांवों में सर्वे कराया
कैराना। लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा क्षेत्र के नौ गांवों का मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत सर्वे कराया गया।
एसडीएम डा. अमित पाल शर्मा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा था, जिसके बाद मतदाता नामावली का प्रकाशन हो चुका है। पुनरीक्षण के तहत उनके द्वारा तहसील क्षेत्र के ग्राम जगनपुर, असंधपुर जिड़ाना, फतेहपुर, गाजीपुर, वेदखेड़ी, गुर्जरपुर, इस्सोपुर टील, कलरी व रज्जाकनगर में लेखपालों द्वारा डोर-टू-डोर जाकर सर्वे कराया गया है, जिसमें कुछ फार्मों की जांच करने पर बहुत से लोग ऐसे पाए गए हैं, जो गांव से बाहर रहते हैं। नई मतदाता नामावली सार्वजनिक स्थानों पर बोल-बोल कर सुनाई भी गई। एसडीएम ने बताया कि इसके अलावा बीडीओ कांधला, कैराना, ऊन के साथ-साथ एसडीओ कांधला एवं कैराना की भी विशेष टीम सर्वेक्षण कार्य के लिए गठित की गई है। उन्होंने बताया कि जिन युवाओं के 18 वर्ष आयु पूर्ण करने वालों के फार्म-6 अथवा 7 प्राप्त हो रहे हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। साथ गांव में सबसे अधिक व सबसे कम मतदाताओं वाले बूथों की सूची वरीयता क्रम में बना कर उनकी जांच कराई जाएगी, ताकि पता चल सके कि उक्त बूथों पर मतदाता अधिक या कम किस कारण से है।