अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। स्कूल के जर्जर भवनों में बैठकर शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों के लिए एसडीएम ने जनसहयोग से मरम्मत कार्य शुरू कराया है।
कस्बे के प्राथमिक विद्यालय दरबार कला और आलखुर्द में स्कूलों की छत काफी जर्जर हालत में थी। जिस कारण छात्रों को खुले आसमान के नीचे बैठकर पढ़ने को मजबूर थे। ठंड के कारण उनका बुरा हाल था। ढाई माह पूर्व अमर उजाला ने इस स्कूल की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। एसडीएम डॉ. अमित शर्मा ने इसे गंभीरता से लेकर यहां का निरीक्षण किया था। पता चला कि प्राथमिक विद्यालय दरबार कला का जर्जर भवन किराए पर होने के कारण भवन मालिक मरम्मत कराने पर सहमत नहीं था। इसके बाद एसडीएम ने जनसहयोग से इसके भवनों का मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है। बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय दरबार कला की छत का लिंटर तैयार कराया जा रहा था। उधर, कैराना में एसडीएम डा. अमित पाल शर्मा ने गांव मंडावर में स्थित प्राइमरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूली बच्चों से सवाल-जवाब किए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कहा कि स्कूल की पढ़ाई बच्चे का संवैधानिक अधिकार होता है, जिसमें अड़चन नहीं होना चाहिए। मदरसे की पढ़ाई और स्कूल की कक्षा का समय अलग रख लिया जाए। उन्होंने बच्चों को स्कूली शिक्षा से वंचित करने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी।