अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। नगरपालिका परिसर में महिला कर्मचारी द्वारा जहरीले पदार्थ खाने के मामले में पालिकाकर्मी पर केस दर्ज करा दिया। जिस पर उप्र सफाई मजदूर महासंघ ने आक्रोश जताते हुए मुकदमे को गलत बताया और एसडीएम को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
पांच दिन पूर्व नगर पालिका परिसर में तैनात महिला चौकीदार ने जहरीले पदार्थ खा लिया था। पालिका कर्मचारियों ने महिला को शामली के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। महिला के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने पालिका लिपिक तासिम अली के विरुद्ध आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले में बुधवार को उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर महासंघ और नगरपालिका के कर्मचारी एकत्रित होकर एसडीएम डॉ. अमितपाल शर्मा और कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह से मिले। ज्ञापन देते हुए बताया कि तासिम अली 25 वर्षों से पालिका में कार्यरत हैं। इस केस में उन्हें गलत फंसाया जा रहा है। तासिम सफाई विभाग में लिपिक हैं, जबकि महिला दूसरे पटल पर है।
घटना से पहले भी महिला ने कई बार तासिम अली को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। जिसके बारे में तासिम अली ने नगरपालिका के अधिकारियों को अवगत करा दिया था। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच करके कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही तीन दिन के अंदर मुकदमा खत्म नहीं किए जाने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई। एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा और कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने मामले में जांचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर नगरपालिका परिषद के कार्यालय अधीक्षक राकेश कुमार, सफाई मजदूर महासंघ के अध्यक्ष सुभाष चंद, उपाध्यक्ष सोहन लाल, महासचिव इंद्र पाल, कोषाध्यक्ष गुरदास, प्रचार मंत्री महेंद्र, संरक्षक सत्यप्रकाश, मदनाल, राजकुमार, सतीश कुमार, इरफान, किरणपाल आदि दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।