बिजली कटौती के विरोध में क्षेत्र के लोगों ने चौसाना बिजलीघर पर प्रदर्शन कर दिया। इस दौरान रालोद नेता पर जबरन बिजली कटवाने का आरोप लगाया तो हंगामा बढ़ गया। बिजलीघर एसएसओ और पुलिस के साथ रालोद नेता की तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद रालोद नेता को पुलिस चौकी ले गई।
शुक्रवार रात आंधी के बाद चौसाना बिजलीघर की आपूर्ति ठप रही। विद्युत निगम ने शनिवार की शाम बिजलीघर की आपूर्ति को बहाल कर दिया तो क्षेत्र का एक रालोद नेता ने बिजलीघर पर पहुंचकर बिजलीघर के एसएसओ से अभद्र व्यवहार करते हुए चौसाना, सुंदरनगर के फीडर की आपूर्ति बंद करा दी। रविवार सुबह चौसाना व सुंदरनगर के ग्रामीणों ने चौसाना बिजलीघर पहुंचकर बिजली आपूर्ति काटे जाने का विरोध करते हुए हंगामा किया। मौके पर ग्रामीणों को एसएसओ ने बिजली काटे जाने के कारण की जानकारी दी, तो ग्रामीण भड़क उठे और पुलिस को बुला लिया। वहीं, इसी दौरान रालोद नेता गुलाब सिंह भी वहां पहुंच गए। जिसके चलते पुलिस के सामने ही हंगामा हुआ। पुलिस रालोद नेता से चौकी पर ले आई। बिजली आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीण चले गए। चौसाना चौकी प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि रालोद नेता के खिलाफ आई शिकायत वापस ले ली गई, जिस कारण रालोद नेता को छोड़ दिया गया।