झिंझाना (शामली)। सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सोमवार को गांव टपराना स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में खामियां पाए जाने पर प्रधानाध्यापिका सहित अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी योगेश गुप्ता ने बताया कि स्कूल में निरीक्षण में कई प्रकार की खामियां मिलीं। सहायक अध्यापिका सुनीता देवी आकस्मिक अवकाश पर थी, लेकिन अवकाश पत्रिका पर प्रधानाध्यापिका द्वारा स्वीकृति नहीं दी गई। सहायक अध्यापक नवीन शर्मा का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। स्कूल में आए कक्षा आठ के बच्चों द्वारा संस्कृत और रेनबो की पुस्तक पढ़कर नहीं सुना पाए। गणित विषय में घन मूल के बारे में बच्चे नहीं बता पाए। वहीं, कक्षा सात के बच्चे हिंदी विषय में गद्य व पद्य के बारे में नहीं बता पाए। साथ ही न्यूनकोण और अधिक कोण के बारे में नही बता पाए। इसके चलते प्रधानाध्यापिका रमा शर्मा सहित वहां नियुक्त सभी सहायक अध्यापिकाओं व अनुदेशकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब नहीं मिलने पर जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
प्रधानाचार्या और प्रबंधक पर गंभीर आरोप
शामली। शहर के दिल्ली रोड स्थित देशभक्त इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र भेजकर प्रधानाचार्या और प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि छात्राओं से एडमिशन के नाम पर फीस वसूली जा रही है तथा प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए भी अवैध वसूली की जाती है। यदि छात्राओं द्वारा विरोध किया जाता है, तो उन्हें जाति सूचक शब्दों से प्रताड़ित किया जाता है। आरोप है कि छात्राओं से प्रतिमाह 300 रुपये फीस ली जाती है, लेकिन रसीद सिर्फ 65 रुपये की दी जाती है। उनकी मांग है कि मामले की जांच कराकर छात्राओं को इंसाफ दिलाया जाए। शिकायत करने वाली छात्राओं में पिंकी, सुषमा, शशि, गुलशन, मानसी, दिया, शिवानी, हिमांशी, रजनी, इरशादा, सरला, गीता और सविता आदि शामिल रहीं।