कैराना (ब्यूरो)। गांव जहानपुरा निवासी वाजिद ने ग्रामीणों के साथ सीओ कैराना राजेश कुमार तिवारी से मुलाकात की। बताया कि छह नवंबर की रात उसकी पत्नी नोशिदा की चार लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या की वजह नोशिदा के देवर द्वारा छह माह पूर्व पड़ोसी लड़की को भगा ले जाने की रंजिश बताई गई थी। हत्याकांड में नोशिदा की सास रुखसाना की तरफ से गांव के ही शावेज, अब्दुल रहीम और गढ़ी दौलत निवासी आरिफ एवं एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अब तक पुलिस ने नामजद आरोपियों में से किसी को गिरफ्तार नहीं किया, जिससे परिवार में दहशत बनी हुई है। आरोप है कि मुकदमे में फैसले के लिए नोशिदा के पति वाजिद पर दबाव बनाया जा रहा है। सीओ ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगी हुई हैं, जल्दी ही गिरफ्तारी कराई जाएगी।