गढ़ीपुख्ता/शामली।
चोटी कटने की घटना से अब गढ़ीपुख्ता कस्बे में दहशत फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया कि किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
कस्बा गढ़ीपुख्ता के मोहल्ला कश्यपपुरी की बगीचा बस्ती में रहने वाले नाजिर की पत्नी तरन्नुम मंगलवार शाम करीब पौने छह बजे घर के आंगन में बैठी थी। तरन्नुम का दावा है कि एक अंजान लड़की उसके घर में घुस आई और उसके सिर पर हाथ फेरने लगी। वह चिल्लाई, तो अंजान लड़की काली बिल्ली बनने के बाद वहां से गायब हो गई। इसके बाद तरन्नुम बेहोश हो गई। मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर गढ़ीपुख्ता थाने से पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा डाक्टर को बुलाकर तरन्नुम का उपचार कराकर उसे होश में लाया गया। इसके बाद ही तरन्नुम ने अंजान लड़की और काली बिल्ली की कहानी सुनाई। हालांकि काली बिल्ली की बात लोगों को हजम नहीं हो रही है। उधर, घटना के कारण दहशत होने पर लोगों ने अपने अफवाहों के चलते अपने घरों के दरवाजों पर नीम की टहनी लगाने सहित अन्य टोटके भी करने शुुरू कर दिए हैं।