ऊन-चौसाना मार्ग का उद्घाटन को करीब पांच महीने बीत गए, लेकिन अभी तक सड़क पर निर्माण पूरा नहीं हुआ। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार बनते ही पंद्रह जून तक सारी सड़कों को गड्ढा मुक्त कराए जाने का आदेश दिया था।
ऊन से भोगीमाजरा टोडा होते हुए बिड़ौली चौसाना मार्ग को जोड़ता है। ऊन चौसाना मार्ग का उद्घाटन आचार संहिता लगने से दो दिन पहले कैराना विधायक नाहिद हसन ने किया था। उद्घाटन होने के बाद इस सड़क को पूरा तोड़ दिया गया था और निर्माण शुरू कर दिया गया था। पांच महीने बीत जाने के बाद भी आज तक इसका निर्माण पूरा नहीं हुआ। जिसके चलते आज भी सड़क टूटी हुई है। अधूरी पड़ी सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर पड़े हुए हैं। जिसके कारण सड़क पर चलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जब फोन पर सड़क के ठेकेदार रजत तोमर से बात की तो उनका कहना है कि विभाग से 98 लाख रुपये कि पहली किश्त आई थी जो पूरी खर्च कर दी गई है। दूसरी किश्त आने के बाद ही कार्य पूरा हो सकेगा। ग्रामीण सनोज, सोनू प्रधान, राममेहर सिंह, टोडा जांबाज प्रधान, फुरकान ,शौकत ,रिफाकत का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।